रुद्रपुर में श्रीराम तरुण प्रभात शाखा का संचालन, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
मिश्रौलिया/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया क्षेत्र अंतर्गत चेतिया चौकी स्थित श्री प्रमोद्धार द्विवेदी आर्मी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर परिसर में पिछले एक सप्ताह से श्रीराम तरुण प्रभात शाखा का नियमित संचालन किया जा रहा है। जिला कार्यवाहक शिवमूर्ति त्रिपाठी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित शाखा में क्षेत्र के युवाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिल रही है।
शाखा का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तक किया जाता है। एक घंटे के सत्र में शारीरिक व्यायाम, योग, खेलकूद, सामूहिक प्रार्थना, राष्ट्रभक्ति गीत, बौद्धिक चर्चा एवं अनुशासन संबंधी गतिविधियां कराई जाती हैं।
शाखा से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं संगठन की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय रखने के साथ सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिला कार्यवाहक शिवमूर्ति त्रिपाठी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “राष्ट्रहित सर्वोपरि है। संस्कार, सेवा और अनुशासन के माध्यम से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।
”इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अधिवक्ता सत्य प्रकाश धर द्विवेदी, सलाहकार ओम प्रकाश द्विवेदी, वरिष्ठ समाजसेवी एमपी दुबे, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतराम भारती सहित ग्रामीण, क्षेत्रवासी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शाखा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शाखा की गतिविधियों को आगे गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने भी पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। अंत में राष्ट्रहित से जुड़े नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

टिप्पणियां