कवि सम्मेलन में गूंजा संदेश: कर्मठता का दीप जलाकर चारों तरफ उजाला कर दो
बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में साहित्यिक संस्था अदबी संगम की ओर से जिला पंचायत कार्यालय के निकट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि डॉ. रामकृष्ण लाल ‘जगमग’ ने की, जबकि संचालन डॉ. अफजल हुसेन ‘अफजल’ ने किया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक एवं साहित्यकार डॉ. वीके वर्मा ने काव्य पाठ करते हुए अपनी रचना ‘वातावरण निराला कर दो, मौसम को मतवाला कर दो, कर्मठता का दीप जलाकर, चारों तरफ उजाला कर दो’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को कर्मठता और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
वरिष्ठ कवि डॉ. रामकृष्ण लाल ‘जगमग’ ने गांधी जी के विचारों को समर्पित रचना प्रस्तुत करते हुए कहा— ‘सत्य अहिंसा को अपनाएं, राष्ट्र प्रेम का अलख जगाएं, अपने सत्कर्मों के बल पर गांधी राष्ट्रपिता कहलाए।
’कवि सम्मेलन में विनोद उपाध्याय ‘हर्षित’, डॉ. अफजल हुसेन ‘अफजल’, दीपक सिंह प्रेमी, जगदंबा प्रसाद ‘भावुक’, राहुल चौहान, हरिकेश प्रजापति, डॉ. पारस वैद्य, सागर गोरखपुरी, केके उपाध्याय सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों की प्रस्तुतियों को श्रोताओं ने सराहा और तालियों से उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में साहित्यप्रेमियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कवि सम्मेलन के माध्यम से गांधी और शास्त्री के आदर्शों, राष्ट्रप्रेम, सत्य, अहिंसा एवं कर्मठता का संदेश दिया गया।

टिप्पणियां