सर्पदंश से 16 वर्षीय किशोर की मौत, झाड़-फूंक के फेर में भी बीता समय, परिवार में मचा कोहराम
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खुर्द के बिशुनपुरा टोला में सर्पदंश से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बिशुनपुरा टोला निवासी मोहन का 16 वर्षीय पुत्र राहुल शनिवार रात गांव में घूमकर घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसने अपनी मां सरोज से पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने स्थानीय चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक ने किशोर की स्थिति गंभीर देखते हुए तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
परिजन राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की जांच में उसके पैर में घुटने के पास सांप के काटने का निशान मिला। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजन उम्मीद नहीं छोड़ पाए और राहुल को झाड़-फूंक कराने के लिए आजमगढ़ ले गए। वहां भी कोई राहत नहीं मिली। रविवार को परिजन शव लेकर वापस घर लौटे।
राहुल दो भाई-बहनों में बड़ा था। उसकी एक छोटी बहन अंकिता है। पिता मोहन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से मां सरोज सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराना जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

टिप्पणियां