एफपीओ ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के बताए फायदे
सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के रासपहरी ग्राम पंचायत स्थित पंचायत भवन में रविवार को नाबार्ड के तत्वावधान में किसान जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। गोष्ठी में रासपहरी, खैराही, मधुबन समेत आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए।
म्योरपुर एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सुनील कुमार ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मत्स्य पालन, तालाब निर्माण एवं प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही जैविक खेती अपनाने से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए किसानों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित किया।
आईएसएपी के अंकित उपाध्याय ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में एफपीओ से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एफपीओ से जुड़कर किसान सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं का बेहतर लाभ उठा सकते हैं।
गोष्ठी के समापन पर किसानों को निःशुल्क सहजन के बीज भी वितरित किए गए।
इस दौरान आईएसएपी के अंकित उपाध्याय, सीईओ सावित्री देवी, सुनील कुमार, लालशाह गोंड़, पंचबहादुर, नितेश सोनकर, आशा मिश्रा, प्रशांत दुबे, रामप्रसाद, भगवानदास, बैजनाथ, लालजी, महादेव, बासुदेव, राजनरायण समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

टिप्पणियां