डीएम ने किया राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण, छात्र-छात्राओं से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन कक्ष, बैठने की व्यवस्था समेत छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारियों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी के निर्देशन में राजकीय जिला पुस्तकालय का कायाकल्प करते हुए सुविधाओं में व्यापक सुधार किया गया है। क्रिटिकल गैप के तहत ₹20 लाख की धनराशि से पुस्तकालय को आधुनिक एवं सुविधाजनक स्वरूप प्रदान किया गया है। यहां अध्ययन के अनुकूल वातावरण, बेहतर फर्नीचर एवं बैठने की व्यवस्था के साथ विभिन्न विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बातचीत की और पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आर्थिक अथवा संसाधनों की कमी किसी विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बने, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राजकीय जिला पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को शांत और व्यवस्थित वातावरण में अध्ययन की सुविधा मिल रही है। विभिन्न विषयों की पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का लाभ उठाकर विद्यार्थी अपनी तैयारी को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप नई एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता लगातार बढ़ाने तथा पुस्तकालय की सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ें।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

टिप्पणियां