सीधे खबरों पर जाएं
Monday, 5 October 2026
वीडियो शहर चुनें

तूफान से बिजली व्यवस्था चरमराई, डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

बहराइच। जिले में पिछले दिनों आए तेज आंधी-तूफान और अतिवृष्टि से विद्युत व्यवस्था को हुए भारी नुकसान के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने की कवायद तेज कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी कई स्थानों पर गिरे बिजली पोल, टूटे तार और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर आमजन के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्युत विभाग के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को कलेक्ट्रेट में तलब कर कड़ी नाराजगी जताई और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सामान्य कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि युद्धस्तर पर अभियान चलाकर जिले के सभी मजरों में बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन लगाकर मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि खेतों में गिरे पोल उठाने में समस्या आ रही है तो संबंधित अवर अभियंता ग्राम प्रधान के साथ बैठक कर किसानों और ग्रामीणों से सहयोग की अपील करें।

अधीक्षण अभियंता नवीन चन्द्र प्रसाद के अनुसार, आपदा में करीब 4,168 विद्युत पोल और 474 विद्युत परिवर्तक क्षतिग्रस्त हुए हैं। मरम्मत के लिए 17 टीमें और 15 हाइड्रोलिक मशीनें लगाई गई हैं। जिले के 37 विद्युत उपकेंद्रों में से 35 की 33 केवी लाइन बहाल कर दी गई है, जबकि शेष दो उपकेंद्रों की लाइन और 11 केवी फीडरों की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

डीएम ने अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं को मरम्मत कार्य की डे-बाई-डे मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। विभिन्न अधिकारियों ने रिसिया, चिरैयाटांड़, रंजीतपुर, बक्शीपुरा, विशेश्वरगंज और धनुही उपकेंद्रों का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

लेखक
asif.ali27march
सभी खबरें देखें

संबंधित खबरें

टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *