दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर पुलिस ने की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
कोन/सोनभद्र। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला मंचन एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर रविवार को कोन थाना परिसर में बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम प्रधान, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बैठक में आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा, रामलीला एवं प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों की जानकारी आयोजकों एवं ग्राम प्रधानों से ली। उन्होंने सभी से परंपरागत तरीके से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी प्रकार का नया कार्यक्रम शुरू नहीं किया जाएगा।
दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में बिजली की आपूर्ति सुरक्षित तरीके से की जाए और विद्युत तारों की उचित व्यवस्था रखी जाए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
रामलीला मंचन को लेकर आयोजकों से शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से कार्यक्रम कराने की अपील की गई। वहीं, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे को वाहन की बॉडी से ऊपर नहीं बांधने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजाने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने नवरात्र पर्व की धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए लोगों से मांस-मदिरा के सेवन से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, ग्राम प्रधान कोन संतोष पासवान, चेरवाडीह प्रधान शारदा पासवान, सोमरू पटेल, विखलेश भारती, विमलेश यादव, वीरेंद्र गुप्ता सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

टिप्पणियां