राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.480 मीटर नीचे, बलरामपुर में प्रशासन अलर्ट
बलरामपुर। जनपद में राप्ती नदी का जलस्तर रविवार को शाम 4 बजे 103.140 मीटर दर्ज किया गया। वर्तमान जलस्तर खतरे के निशान 104.620 मीटर से 1.480 मीटर नीचे तथा चेतावनी बिंदु 103.620 मीटर से 0.480 मीटर नीचे है। फिलहाल नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु और खतरे के निशान दोनों से नीचे है।
राप्ती नदी के जलस्तर का ट्रेंड डाउनस्ट्रीम बना हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर के साथ-साथ तटवर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में राजस्व, सिंचाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों को नदी के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी महत्वपूर्ण परिवर्तन की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा विशेष रूप से नदी के निकटवर्ती एवं निचले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी आपात सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी के किनारे एवं जलभराव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों एवं पशुओं को नदी के समीप जाने से रोकें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहते हुए स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।

टिप्पणियां